Haryana Vritant

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल इस बार होली का त्योहार यमुनानगर में मनाएंगे। आठ मार्च को सुबह सरस्वती स्कूल में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम है। इसके बाद वे यहां आयोजित होने वाले होला मोहल्ला समागम में शिरकत करेंगे। इस दौरान रंग गुलाल का आयोजन किया जाएगा।

जिसके बाद सीएम दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दिल्ली में उन्हें कुछ सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होना है। आमतौर पर मुख्यमंत्री चंडीगढ़ निवास पर ही होली मनाते हैं, लेकिन इस बार कार्यक्रम में बदलाव है।

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा दिल्ली कोठी पर होली मनाएंगे। यहां दीपेंद्र हुड्डा को बतौर राज्यसभा सदस्य कोठी अलाट है। हुड्डा भी अपने सारे कार्यक्रम यहीं करते हैं। लिहाजा यहां पर उनके करीबी होली मिलने और रंग गुलाल खेलने के लिए पहुंचेंगे।

डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला इस समय छोटे भाई दिग्विजय चौटाला की शादी के इंतजामों में व्यस्त हैं। आगामी दस मार्च को दिग्विजय चौटाला की शादी है। परिवार के सभी सदस्य होली पर असोला स्थित फार्म हाउस पर रहेंगे। होली मिलने वाले सभी लोग यहीं होली मिलने आएंगे।

ओम प्रकाश चौटाला सिरसा स्थित तेजाखेड़ा फार्म पर मौजूद रहेंगे। चौटाला का प्रयास रहता है कि हमेशा यहीं रह कर होली मनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *