HARYANA VRITANT

मतदाता सूची के मुताबिक 18 से 39 साल तक के राज्य में कुल 94 लाख युवा मतदाता हैं। यानी जिस तरफ युवा मुड़ा, उस दल की जीत पक्की है। हालांकि इसमें थोड़ा इजाफा होने की उम्मीद है। 

सांकेतिक तस्वीर

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूची अपडेट हो गई है। राज्य में कुल दो करोड़ दो लाख 24 हजार 958 मतदाता हैं। इनमें 46 फीसदी मतदाता की उम्र 18 से 39 साल के बीच है। 

दरअसल राज्य के मतदाता दो सितंबर तक वोट बनवा सकते हैं। वहीं, थर्ड जेंडर के कुल 458 मतदाता हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक 94 लाख मतदाता में करीब 52 लाख वोट पुरुषों के हैं और 41 लाख मतदाता महिलाएं हैं। 18-19 आयु वर्ग के कुल 501682, 20 से 29 आयु वर्ग के 4186591 और 30 से 39 आयु वर्ग के 4718662 मतदाता दर्ज हैं।

60 साल से ऊपर महिलाओं की संख्या ज्यादा

चुनाव आयोग की ओर जारी की गई अंतिम मतदाता सूची में एक दिलचस्प तथ्य देखने को मिला है। 59 आयु वर्ग तक के मतदाताओं में पुरुषों की संख्या ज्यादा है। वहीं, 60 साल से ऊपर आयु वर्ग में महिलाओं का वर्चस्व दिखता है। 60-69 आयु वर्ग में कुल 2149786 मतदाता हैं। इनमें पुरुष 1060573 और महिलाओं की संख्या 1089197 हैं। इसी तरह 70 से 79 आयु वर्ग में कुल दस लाख 54 हजार 371 मतदाता हैं। इनमें चार लाख 98 हजार 617 मतदाता पुरुष हैं, जबकि महिला मतदाता की संख्या पांच लाख 55 हजार 752 है। वहीं, 80 से 89 आयु वर्ग में कुल मतदाताओं की संख्या 340877 हैं। इनमें एक लाख 51 हजार 949 पुरुष मतदाता हैं, जबकि एक लाख 88 हजार 928 मतदाता हैं।

सभी दल युवा उम्मीदवारों पर ज्यादा लगाएंगे दांव

इस बार सभी दलों की नजरें युवा मतदाताओं पर रहेगी। युवा मतदाताओं को लुभाने के लिए राजनीतिक दल युवा मतदाताओं के लिए बड़ी घोषणा कर सकते हैं। वहीं सभी दल ज्यादा से ज्यादा युवा उम्मीदवार उतारने की कोशिश में जुटे हैं। भाजपा के प्रभारी डा. सतीश पुनिया कह चुके हैं इस बार भाजपा की सूची में युवा और ऊर्जावान उम्मीदवारों को तवज्जो दी जाएगी। 

उधर, कांग्रेस भी 40 फीसदी टिकट युवा उम्मीदवार देने के पक्ष में हैं। युवाओं की बात हो तो नौकरियों का मुद्दा कैसे छूट सकता है। भाजपा जहां एक लाख 41 हजार युवाओं को बिना पर्ची व खर्ची के नौकरी देने के मुद्दे को उठा रही है। वहीं, कांग्रेस बेरोजगारी के मुद्दे पर युवाओं के बीच ले जा रही है।

  • उम्र           पुरुष            महिला            थर्ड जेंडर         कुल
  • 18-19      332316       169349          17             501682
  • 20-29      2455446    1730933         212             4186591
  • 30-39      2424228     2294308        126             4718662
  • 40-49      2098099     1876766         59             3974924
  • 50-59      1650884    1537425          26             3188335
  • 60-69      1060573    1089197          16             2149786
  • 70-79       498617      555752           2              1054371
  • 80-89       151949      188928           0               340877
  • 90-99         36531       64381            0             100912
  • 100-109     3160         5351              0              8511
  • 110-119     107           168               0               275
  • 120 से ऊपर   16            16                 0             32