अंबाला: बंद कमरे से दो बहनों के शव बरामद, बदबू से खुला राज

अंबाला कैंट के महेश नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रीत नगर में शुक्रवार को एक बंद कमरे से दो बहनों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान मनु और अंजना के रूप में हुई है, जो इसी कमरे में रहती थीं। कमरे से तेज बदबू आने पर स्थानीय निवासियों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों बहनें काफी समय से एकांत में रहती थीं और पड़ोसियों से बहुत कम संपर्क रखती थीं। एक बहन मानसिक रूप से अस्वस्थ थी, जबकि दूसरी उसकी देखभाल करती थी और जीविका के लिए काम करती थी। कुछ दिनों से उनकी कोई हलचल नहीं दिखी, लेकिन पड़ोसियों ने इस पर विशेष ध्यान नहीं दिया। शुक्रवार को जब कमरे से असहनीय बदबू आने लगी, तब जाकर लोगों को गंभीरता का एहसास हुआ।

महेश नगर थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया और नागरिक अस्पताल अंबाला कैंट की मोर्चरी में भेज दिया। जांच अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। अभी तक शव लेने के लिए कोई परिजन सामने नहीं आया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।