HARYANA VRITANT

अंबाला सिटी। एनएचएम के साथ-साथ एचकेआरएन कर्मियों ने भी मांगों के लिए मोर्चा खोल दिया है। रविवार को जहां अंबाला के सैकड़ों एचकेआरएन कर्मियों ने करनाल में मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन कर मांगों को उठाया। शहर में एनएचएम कर्मचारियों ने एकजुट होकर रोष मार्च निकाला।

सांकेतिक तस्वीर

भारी संख्या में कर्मचारी हाथों में थाली, कटोरियां बजाते हुए बाजारों से होकर हरियाणा के परिवहन मंत्री असीम गोयल के प्रेम नगर आवास पर पहुंचे। आवास के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। कर्मचारियों ने मांगों के लिए जमकर नारेबाजी की। मंत्री के प्रतिनिधि भाई रितेश गोयल ने कर्मचारियों का मांग पत्र लिया। साथ ही आश्वासन दिया कि मंत्री उनकी मांगों के लिए आवाज उठाएंगे।

करीब आधे घंटे के बाद कर्मचारी वापस सिविल सर्जन कार्यालय में धरने पर बैठे। जहां दोपहर करीब तीन बजे तक मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

करनाल प्रदर्शन करने गए 150 कर्मचारी

करनाल में मुख्यमंत्री आवास के बाहर एचकेआरएन के सैकड़ों कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इसमें प्रदेशभर से कर्मचारी पहुंचे। अंबाला से भी करीब 150 कर्मचारियों ने हिस्सा लेकर मांगों को दोहराया। रविवार होने के कारण नागरिक अस्पतालों की ओपीडी बंद होने के कारण कर्मचारियों के नदारद रहने का खासा असर नहीं दिखाई दिया। वार्ड से लेकर इमरजेंसी तक में कर्मचारियों की कमी जरूर खली।