- गुरुग्राम में होगा कार्यक्रम
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री राव बीरेन्द्र सिंह के नाम पर सोमवार को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ डाक टिकट जारी करेंगे। गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 स्थित ए-डॉट एक्सपीरिएंस हॉल, एंबिएंस आइलैंड में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें पूरे दक्षिणी हरियाणा से राव समर्थकों की मौजूदगी रहेगी।
11 फरवरी को राव बीरेन्द्र सिंह के बेटे केन्द्र में मंत्री एवं गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने खुद के जन्मदिन के मौके पर जानकारी दी थी कि उनके पिता राव बीरेन्द्र सिंह के नाम पर 20 फरवरी को डाक टिकट जारी होगी। दरअसल, लंबे समय से पूर्व सीएम राव बीरेन्द्र सिंह को बड़ा सम्मान मिलने का इंतजार उनके समर्थकों में था।
हरियाणा के दूसरे सीएम रहे राव
20 फरवरी 1921 को जन्मे राव बीरेन्द्र सिंह हरियाणा प्रदेश बनने के बाद 1967 में दूसरे मुख्यमंत्री बने थे। इससे पहले संयुक्त पंजाब के वक्त प्रताप सिंह कैरों की सरकार में मंत्री रहे। राव बीरेन्द्र सिंह कई बार केन्द्र में मंत्री भी रहे। उनके केन्द्र में कृषि मंत्री रहते हुए हरियाणा में एक नारा ‘राव आया, भाव आया’ खूब चर्चित रहा था।
बेटे को सौंपी राजनीतिक विरासत
वर्ष 1997 में पूर्व सीएम राव बीरेन्द्र सिंह ने सक्रिय राजनीति से खुद को अलग कर लिया था। इससे पहले राव बीरेन्द्र ने अपने बेटे वर्तमान में गुरुग्राम से सांसद और केन्द्र में मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को अपनी राजनीतिक विरासत सौंप दी थी।
खुद इंदिरा गांधी को रामपुरा हाउस आना पड़ा था
राव बीरेन्द्र सिंह ने उस वक्त दिल्ली तक सनसनी फैला दी थी, जब उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़कर अलग विशाल हरियाणा पार्टी बना ली थी। उस वक्त की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी उन्हें मनाने के लिए रामपुरा हाउस में पहुंची थी। हालांकि बाद में वे कांग्रेस में फिर से लौट गए। उनके बेटे राव इंद्रजीत सिंह भी काफी सालों तक कांग्रेस में रहे। इसके बाद वर्ष 2014 में कांग्रेस को अलविदा कहकर भाजपा का दामन थाम लिया था।