हरियाणा में कांग्रेस का इंचार्ज बदल दिया गया है। कांग्रेस ने अब दीपक बाबरिया को हरियाणा कांग्रेस का इंचार्ज बनाया है। बाबरिया को राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। दीपक बाबरिया इससे पहले मध्यप्रदेश के प्रभारी रह चुके हैं। उनके पास दिल्ली के इंचार्ज का भी कार्यभार रहेगा।

इससे पहले हरियाणा में कांग्रेस इंचार्ज शक्ति सिंह गोहिल को गुजरात भेजा गया है। वे अब गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष होंगे।

  • हरियाणा कांग्रेस में बड़ी गुटबाजी है। इस वक्त संगठन पर पूर्व CM भूपेंद्र हुड्‌डा का गुट काबिज है। हुड्‌डा की पसंद से ही उदयभान को पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। हुड्‌डा के अलावा यहां रणदीप सुरजेवाला, कुमारी सैलजा और किरण चौधरी के गुट भी सक्रिय हैं। इसी गुटबाजी पर राहुल गांधी अब बाबरिया के जरिए नजर रखेंगे।

कांग्रेस को हरियाणा में 10 साल बाद सरकार की वापसी की उम्मीद है। पिछले 10 साल से यहां भाजपा की सरकार है। ऐसे में कांग्रेस को लगता है कि यहां एंटी इनकंबेसी से कांग्रेस की वापसी हो सकती है।

इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ओल्ड पेंशन स्कीम यानी OPS के नाम पर वापस आ गई। हरियाणा में भी इसका वादा किया जा रहा है। ऐसे में अच्छा मौका देख कांग्रेस कोई रिस्क नहीं लेना चाहती।

हरियाणा कांग्रेस का संगठन करीब 9 साल से भंग है। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष बदलते रहे लेकिन आपसी गुटबाजी के चलते संगठन नहीं बना। अब नए संगठन की लिस्ट जारी करने की तैयारी है। इससे पहले हाईकमान ने नेताओं के बगावती सुरों पर नजर रखने के लिए ये बदलाव कर दिया है। अब दीपक बाबरिया की अगुआई में हरियाणा कांग्रेस का नया संगठन घोषित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *