
हरियाणा गृह विभाग ने राज्य में 30 आईपीएस और एचपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। ये आदेश 3 सितंबर को राज्यपाल की मंजूरी के बाद तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में सबसे उल्लेखनीय बदलाव करनाल में हुए हैं।
करनाल में हाल ही में हुए पुलिस एनकाउंटर को लेकर विवादों में घिरे एसपी नरेंद्र बिजारणियां को जिले से हटाकर एसटीएफ में एसपी के पद पर भेज दिया गया है। उनकी जगह गुरुग्राम के डीसीपी वेस्ट करण गोयल को करनाल का नया एसपी नियुक्त किया गया है। साथ ही करनाल के आईजी अशोक कुमार को पीटीसी सुनारिया में आईजी बनाया गया है, जबकि विदेश से लौटे अश्विन को करनाल रेंज का नया आईजी नियुक्त किया गया है।
इस व्यापक फेरबदल में अमिताभ सिंह ढिल्लों को एडीजीपी आधुनिकीकरण एवं कल्याण के साथ कई अतिरिक्त प्रभार दिए गए हैं। विकास आरोड़ा को एडीजीपी प्रशासन के साथ साइबर और टेलीकॉम की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लोकेंद्र सिंह को एसपी सुरक्षा, सीआईडी-1 के साथ एटीएस और कमांडो नेवल का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
जिला स्तर पर भी कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। भूपिंदर सिंह को पानीपत से एसपी सुरक्षा सीआईडी, सुमित कुमार को भिवानी से एसटीएफ और नितीश अग्रवाल को पलवल से गुरुग्राम डीसीपी क्राइम बनाया गया है। मेधा भूषण को सोनीपत से पलवल, दीप्ति गर्ग को पानीपत, मयंक मिश्रा को भिवानी और फ्राबिना पी को नारनौल का एसपी नियुक्त किया गया है। नए प्रशिक्षित अधिकारियों में दीपिका अग्रवाल, रविंदर कुमार, शिवम और वैशाख बागी को क्रमशः रेवाड़ी, करनाल, अंबाला और रोहतक में एएसपी के रूप में तैनात किया गया है।