
दिल्ली-पानीपत हाईवे पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए केंद्र सरकार एक महत्वाकांक्षी योजना पर काम कर रही है। नमो भारत ट्रेन के प्रस्तावित रूट को दिल्ली-पानीपत से आगे बढ़ाकर करनाल तक विस्तारित करने की तैयारी चल रही है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने इस नए रूट का सर्वे कार्य शुरू कर दिया है।
वर्तमान में दिल्ली-पानीपत-अंबाला हाईवे पर प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख वाहन आवाजाही करते हैं। वर्ष 2041 के प्लान के अनुसार, इस मार्ग पर यातायात ढाई गुना तक बढ़ने की संभावना है। औद्योगिक विकास के कारण करनाल तक वाहनों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या और गंभीर होने की आशंका है।
एनसीआरटीसी सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद केंद्रीय शहरी आवासन मंत्रालय और हरियाणा सरकार को भेजेगा। फिलहाल दिल्ली से पानीपत तक नमो भारत ट्रेन की योजना को केंद्र और हरियाणा सरकार दोनों की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है।
केंद्रीय शहरी आवासन मंत्री और करनाल से सांसद मनोहर लाल ने इस रूट विस्तार का प्रस्ताव रखा था। उनका मानना है कि करनाल तक नमो भारत ट्रेन शुरू होने से दिल्ली-अंबाला हाईवे पर यात्रा करने वालों को परिवहन का एक आधुनिक और तेज विकल्प मिलेगा। यह परियोजना न केवल यातायात की समस्या का समाधान करेगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास में भी योगदान देगी।