हरियाणा विधानसभा मानसून सत्र: 13 अगस्त को तय होगी तिथि, कई अहम विधेयकों पर होगी चर्चा

हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र बुलाने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 13 अगस्त को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है, जिसमें सत्र की तिथि को अंतिम मंजूरी दी जाएगी। अनुमान है कि मानसून सत्र अगस्त के अंतिम सप्ताह या सितंबर के पहले सप्ताह में आयोजित किया जा सकता है।

आगामी कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। 28 जुलाई को हुई पिछली बैठक में चार प्रस्ताव लंबित रह गए थे, जिन पर अब विचार किया जाएगा। इनमें सबसे अहम अंबाला कैंट की फ्री-होल्ड पॉलिसी से जुड़ा प्रस्ताव है, जिसे बिजली, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज के विरोध के कारण टालना पड़ा था। विज की आपत्तियों को दूर करते हुए संशोधित प्रस्ताव फिर से पेश किया जा सकता है।

मानसून सत्र में आधा दर्जन से अधिक विधेयक पारित कराने की योजना है। इनमें प्रशासनिक सुधार, विभागीय नियमों में संशोधन और जनहित से जुड़े कई प्रस्ताव शामिल हैं। संबंधित विभागों के मंत्री संशोधित विधेयकों का मसौदा कैबिनेट के समक्ष रखेंगे।

हरियाणा सिविल सचिवालय की चौथी मंजिल स्थित मुख्य कमेटी रूम में बुधवार दोपहर तीन बजे होने वाली इस बैठक में कई नीतिगत निर्णय भी लिए जाने की उम्मीद है। हालांकि अभी तक एजेंडे को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। पंजाब विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार को समाप्त होने के बाद हरियाणा की बारी आएगी।