शहजाद पूनावाला ने X बायो से हटाया 'बीजेपी', इस्तीफे की अटकलें तेज

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के पार्टी से इस्तीफा देने की अटकलें सियासी गलियारों में तेज हो गई हैं। गुरुवार को उन्होंने अपने एक्स हैंडल और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के बायो से ‘बीजेपी’ शब्द हटाकर उसकी जगह ‘भारतीय’ लिख दिया है। हालांकि, उन्होंने अपनी प्रोफाइल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आजीवन अनुयायी’ होने का उल्लेख बरकरार रखा है।

अपडेटेड बायो में शहजाद ने लिखा है – ‘धर्म: इस्लाम, संस्कृति: हिंदू, विचारधारा: भारतीय, लेखक: जीएसटी की यात्रा।’ इस बदलाव के बाद से राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। शहजाद ने 2021 में बीजेपी की सदस्यता ली थी और नवंबर 2021 में उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त किया गया था।

इससे पहले शहजाद कांग्रेस से जुड़े थे, लेकिन दिसंबर 2017 में उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। उस समय उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राहुल गांधी के खिलाफ बगावत की थी और पार्टी में परिवारवाद का खुलकर विरोध किया था। बीजेपी प्रवक्ता के रूप में शहजाद टेलीविजन बहसों में सक्रिय रहते हैं और पार्टी की नीतियों का पुरजोर बचाव करते नजर आते हैं।

फिलहाल बीजेपी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। शहजाद खुद को हिंदू संस्कृति को मानने वाला बताते हैं और अक्सर मंदिरों में पूजा-पाठ करते दिखते हैं। उनके इस कदम का राजनीतिक मतलब क्या है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।