कैथल: कृषि मंत्री ने डिपो संचालक के खिलाफ दिए एफआईआर के निर्देश

हरियाणा के कैथल में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बुधवार को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए राशन डिपो संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। आरकेएसडी कॉलेज के सभागार में आयोजित बैठक में गांव हरिपुरा के सुरेंद्र कुमार सहित कई ग्रामीणों ने डिपो संचालक रामदिया पर 80 से 90 परिवारों का कई महीनों का राशन गबन करने का आरोप लगाया।

बैठक में कुल 12 शिकायतों पर सुनवाई की गई, जिनमें से सात पुरानी और पांच नई शिकायतें शामिल थीं। सात मामलों का तत्काल निपटान किया गया, जबकि पांच मामलों में विस्तृत जांच के आदेश देते हुए अगली बैठक तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। राशन गबन के मामले में पहले से ही एक जांच समिति द्वारा जांच करवाई जा चुकी है।

एक अन्य महत्वपूर्ण मामले में गांव काकौत निवासी पूनम देवी ने एक निजी स्कूल द्वारा उनकी बच्ची को परीक्षा से वंचित करने और एसएलसी जारी न करने की शिकायत की। मंत्री के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों के बीच समझौता करवाया गया। निर्णय लिया गया कि छात्रा आरटीई के तहत कक्षा छठी की पुनः परीक्षा देगी और परिणाम के अनुसार स्कूल एसएलसी जारी करेगा।

सुनवाई के दौरान कुछ शिकायतकर्ता भावुक भी हुए। इस अवसर पर जिलाधीश अपराजिता, एसपी मनप्रीत सिंह, एडीसी डॉ. सुशील कुमार, ज्योति सैनी और शैली मुंजाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।