यमुनानगर में नशा विरोधी मैराथन, CM नायब सैनी ने दिखाई हरी झंडी

यमुनानगर में रविवार को आयोजित नशा विरोधी मैराथन में हजारों लोगों की भागीदारी देखी गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मटका चौक से ‘नशे से जंग, यमुनानगर के संग’ अभियान के तहत पांच और दस किलोमीटर की मैराथन को हरी झंडी दिखाई। मुख्यमंत्री स्वयं भी कुछ दूरी तक धावकों के साथ दौड़े। कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा और पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने करीब डेढ़ क्विंटल फूल बरसाकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

मैराथन में हरियाणा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से आए खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया। मटका चौक पर प्रतिभागियों की एक किलोमीटर से अधिक लंबी कतार लगी। सफेद टी-शर्ट पहने धावकों ने पूरे मार्ग को रंगीन बना दिया। प्रतियोगिता में बाहरी राज्यों के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। दस किलोमीटर पुरुष वर्ग में उत्तर प्रदेश के धावकों ने दो पुरस्कार जीते, जबकि महिला वर्ग में लखनऊ की एक धाविका विजेता रहीं।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और हरियाणवी धुनों ने माहौल को जोशीला बना दिया। पंजाबी गायक सती संतविंद्र ने ‘छोरा हरियाणा का’ गीत प्रस्तुत किया जिस पर युवा झूम उठे। ढोल-नगाड़ों की थाप और तालियों की गूंज पूरे मार्ग पर सुनाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपनाने, नशे से दूर रहने और अधिक पौधारोपण का आह्वान किया। पूरे मार्ग पर पुलिस बल, चिकित्सा टीमें, एंबुलेंस और पेयजल की व्यवस्था रही।