पूर्व विधायक राजपाल भूखड़ी का निधन, सुबह की सैर के बाद सीने में दर्द से हुई मौत

यमुनानगर जिले में रविवार सुबह साढौरा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व कांग्रेस विधायक राजपाल भूखड़ी का अचानक निधन हो गया। 55 वर्षीय भूखड़ी सुबह की सैर से घर लौटे थे, जब अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। परिजन तुरंत उन्हें चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका अंतिम संस्कार अंबाला जिले के नारायणगढ़ उपमंडल स्थित उनके पैतृक गांव भूखड़ी में किया जाएगा।

भूखड़ी की मृत्यु ऐसे समय हुई जब वे हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त की कार्यकर्ताओं के साथ होने वाली महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे। यह बैठक जगाधरी की मारवाड़ी धर्मशाला में निर्धारित थी। उनके आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा शोक व्याप्त हो गया।

राजनीतिक करियर की बात करें तो राजपाल भूखड़ी ने 2009 से 2014 तक साढौरा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। 2009 के चुनाव में उन्होंने 47,263 मतों से जीत हासिल की थी। अपने कार्यकाल के दौरान वे विधानसभा में सक्रिय और मुखर विधायक के रूप में जाने जाते थे। 2014 में कांग्रेस ने उन्हें दोबारा टिकट दिया, लेकिन इस बार भाजपा के बलवंत सिंह ने उन्हें पराजित कर दिया।

भूखड़ी कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा के करीबी समर्थकों में गिने जाते थे। सैलजा ने ही उन्हें साढौरा से कांग्रेस प्रत्याशी बनवाने में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि 2019 में पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया, फिर भी वे संगठन में सक्रिय बने रहे। गत नगर निगम चुनाव में उनकी पत्नी को मेयर प्रत्याशी बनाया गया था। उनके निधन पर कांग्रेस के जिलाध्यक्षों देवेंद्र सिंह, नरपाल गुर्जर सहित अनेक नेताओं और सामाजिक संगठनों ने शोक व्यक्त किया है।