
हरियाणा कांग्रेस ने बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। प्रदेश प्रभारी संजय दत्त 19 जुलाई से पांच दिवसीय जिला दौरे पर निकलेंगे, जिसमें वे पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र और करनाल का भ्रमण करेंगे। इस दौरे के दौरान वे पार्टी नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से प्रत्यक्ष संवाद करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने इस दौरे के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। संजय दत्त जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, चुनाव प्रत्याशियों और अग्रणी संगठनों के प्रतिनिधियों से अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों में जिलेवार राजनीतिक परिस्थिति, संगठनात्मक मजबूती, जनहित के मुद्दों और भविष्य की रणनीति पर गहन चर्चा होगी।
पार्टी नेतृत्व इस दौरे के माध्यम से संगठन की जमीनी हकीकत का मूल्यांकन करेगा। बैठकों में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा के साथ-साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज अभियान’ के तहत जिलों में चल रही गतिविधियों की प्रगति पर भी विचार-विमर्श होगा।
राव नरेंद्र सिंह ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अधिकतम संख्या में उपस्थित होने का आह्वान किया है। कांग्रेस का उद्देश्य जमीनी स्तर से प्राप्त सुझावों और प्रतिक्रिया के आधार पर संगठन को और मजबूत बनाना तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करना है।