हरियाणा: दमकल कर्मचारी 6-8 अगस्त को करेंगे तीन दिवसीय हड़ताल

हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने राज्य सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में 6 से 8 अगस्त तक तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। रोहतक में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यकर्ता कन्वेंशन में 22 जिलों से आए यूनियन प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया। यूनियन का आरोप है कि 13 मई को हरियाणा भवन में हुई वार्ता में राजस्व मंत्री विपुल गोयल और वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों की मांगें मान ली थीं, लेकिन डेढ़ महीने बीतने के बाद भी कोई लिखित आदेश जारी नहीं किया गया।

यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंह और महासचिव गुलशन भारद्वाज ने बताया कि सरकार ने शहीद दमकल कर्मचारियों के परिवारों को 50 लाख रुपये मुआवजा और नौकरी, 1181 पे-रोल कर्मचारियों को नियमित करने, 25,500 रुपये वेतनमान, 5,000 रुपये जोखिम भत्ता और 7,500 रुपये वर्दी भत्ता देने की सहमति जताई थी। कौशल निगम के कर्मचारियों को रोजगार सुरक्षा गारंटी और हड़ताल अवधि को ड्यूटी पीरियड मानने जैसी मांगों पर भी सरकार राजी हुई थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि 30 जून तक लिखित आदेश जारी नहीं हुए तो 1-2 जुलाई को सभी मुख्य दमकल केंद्रों पर विरोध सभाएं होंगी। इसके बाद नगर पालिका कर्मचारी संघ के सहयोग से 7 से 22 जुलाई तक सभी जिला मुख्यालयों पर विशाल रैलियां निकाली जाएंगी। 22 जून को सभी दमकल केंद्र अधिकारियों को आंदोलन का नोटिस सौंपा जाएगा।

सीटू के राज्य उपाध्यक्ष सुरेंद्र मलिक और नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य महासचिव मांगे राम तिगरा ने कहा कि दमकल कर्मचारी दिन-रात जनता की सुरक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डालते हैं, लेकिन सरकार उनकी जायज मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। यूनियन ने स्पष्ट किया कि अगस्त में होने वाला आंदोलन पहले से भी अधिक व्यापक और निर्णायक होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।