
वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर लाल धूपड़ ने बुधवार को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) के नए चेयरमैन के रूप में कार्यभार संभाला। मंगलवार देर रात जारी आदेश में उन्हें डॉ. पवन कुमार के स्थान पर नियुक्त किया गया। कार्यग्रहण के दौरान भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं और स्वजनों ने उनका स्वागत किया।
नवनियुक्त चेयरमैन ने कार्यभार संभालते हुए स्पष्ट किया कि भारत सरकार की नई शिक्षा नीति को पूर्णरूपेण लागू करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा-परीक्षा में गुणात्मक सुधार, नकल पर अंकुश और बोर्ड की कार्यप्रणाली को अधिक उत्तरदायी, पारदर्शी व विद्यार्थी-शिक्षक हितैषी बनाने के लिए सार्थक प्रयास किए जाएंगे। धूपड़ का मानना है कि शिक्षा के माध्यम से समाज और देश के प्रति समर्पित नागरिक तैयार किए जा सकते हैं।
भिवानी मूल निवासी शंकर लाल धूपड़ पेशे से वकील हैं और जयपुर विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की है। उनकी राजनीतिक शुरुआत 1975 में हुई थी और वे लगभग चार वर्षों तक भिवानी जिला भाजपा के अध्यक्ष भी रहे हैं। उन्होंने अपनी नियुक्ति के लिए केंद्रीय मंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, शिक्षा मंत्री महीपाल सिंह ढांडा और प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली का आभार व्यक्त किया।
धूपड़ ने विश्वास जताया कि वे सरकार के विश्वास को सार्थक सिद्ध करेंगे और बोर्ड सचिव व अधिकारियों के सहयोग से HBSE को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। शिक्षा बोर्ड के सभी क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाकर शिक्षा जगत का बहुआयामी विकास करना उनका लक्ष्य है।