हरियाणा में आज रात से मौसम में बदलाव, धूलभरी हवाओं व बारिश की संभावना

हरियाणा में शुक्रवार की रात से मौसम में बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शनिवार को बादलवाही, धूल भरी तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश की संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की राहत मिल सकती है, जबकि रात का तापमान बढ़ सकता है।

शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में पारा 41 से 45.3 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। रोहतक सबसे गर्म रहा जहां 45.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.9 डिग्री अधिक था। भिवानी में 45, महेंद्रगढ़ में 44.5, सिरसा में 44.4, हिसार में 43.1, जींद में 42.9 और अंबाला में 41.8 डिग्री तापमान रहा।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार, शुक्रवार की रात से एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में आंशिक बादलवाही देखी जा रही है। शनिवार को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बिखरी बारिश की संभावना है।

विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार चल रही रेगिस्तानी गर्म पश्चिमी हवाओं से तापमान में उछाल और लू की स्थिति बनी हुई थी, लेकिन अब हल्की राहत मिल रही है। शेष हरियाणा और दिल्ली एनसीआर में आंशिक बादलवाही और तेज हवाओं की स्थिति रहने की उम्मीद है।