पंचकूला। 14 मई 2026 : हरियाणा सरकार ने हड़ताल पर चल रहे सफाई और अग्निशमन कर्मचारियों की लगभग एक दर्जन मांगों को मान लिया है. हरियाणा निवास में बुधवार को शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता के साथ दो चरणों में छह घंटे चली वार्ता सिरे चढ़ने के बाद नगर पालिका और अग्निशमन विभाग के कर्मचारी नेताओं ने आज रोहतक में प्रदेश और जिला स्तरीय पदाधिकारियों की बैठक बुलाई।

इस दौरान ठेके पर लगे सफाई कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन 15 हजार 220 रुपये करने पर सहमति बनी, जो अभी तक सात से आठ हजार रुपये दिया जा रहा है. गड़बड़ी पर ठेकेदार का लाइसेंस रद कर दिया जाएगा. इन्हें राज्य कर्मचारी बीमा (ईएसआइ) और कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) का लाभ भी मिलेगा।
मृत्यु सहायता 3 लाख से 5 लाख होगी और आश्रितों को नौकरी मिलेगी. कर्मचारियों को बैंक के माध्यम से वेतन दिया जाएगा. स्वीपिंग में लगे कर्मचारियों को तेल-साबुन भी दिया जाएगा।
हाई कोर्ट में केस जीतने वाले फरीदाबाद के 111 कर्मचारियों के साथ ही 150 अन्य कर्मचारियों को पक्का करने पर भी सहमति बनी है।
कर्मचारियों की मौत पर दी जाने वाली सहायता राशि को तीन लाख से बढ़ाकर पांच लाख किया जाएगा और आश्रित की 25 साल की आयु सीमा की शर्त हटेगी. युक्तीकरण के तहत चार-साढ़े चार हजार पद बनाए जाएंगे, जिससे 900 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।