
यमुनानगर जिले के छछरौली क्षेत्र में एक युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बलाचौर की टपरियां निवासी 27 वर्षीय सूरज के रूप में हुई है। सूरज दो छोटे बच्चों का पिता और तीन बहनों का इकलौता भाई था।
शुक्रवार की सुबह सूरज का शव उसके घर के आंगन में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने स्थिति को संदिग्ध बताते हुए तुरंत पुलिस को सूचित किया। छछरौली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर भिजवा दिया।
मृतक की बहन सरोज ने बताया कि सूरज की शादी 2022 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं – तीन साल की बेटी और तीन माह का बेटा। उन्होंने बताया कि सुबह जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो घर का सामान बिखरा हुआ था। सूरज की पत्नी ने पूछताछ में बताया कि रात को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद वह बच्चों के साथ कमरे में सो गई। सुबह करीब चार बजे जब वह बाहर आई तो सूरज को आंगन में मृत पाया।
परिवार ने आरोप लगाया कि रात के झगड़े के बाद उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। मृतक की बहन ने दावा किया कि सूरज के शरीर पर कुछ संदिग्ध निशान मिले हैं, जिससे परिवार को हत्या की आशंका है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।