Ambala Fraud Case: एक इमिग्रेशन कंसल्टेंसी कारोबारी से आनलाइन गेमिंग के नाम पर करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई है। शिकायत पर साइबर क्राइम थाना अंबाला में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

अंबाला शहर के छोटा बाजार निवासी हेमंत ने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दी है कि वह इमिग्रेशन कंसल्टेंसी सर्विस का काम करता है। अप्रैल 2025 में इंस्टाग्राम चलाते समय उसे डीआरडायमेंडएक्सएच नाम के पेज का आनलाइन गेमिंग विज्ञापन दिखाई दिया, जिसमें रुपये लगाकर अच्छा मुनाफा कमाने का दावा किया गया था। विज्ञापन पर क्लिक करते ही उसका संपर्क वॉट्सऐप नंबरों के जरिए ठगों से हो गया।
ठगों ने उसे डीआरडायमेंडएक्सएच 99 नामक वेबसाइट पर गेमिंग आइडी बनाने के लिए कहा और अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा कराने के लिए कहा। शुरुआत में उसने 49,999 रुपये जमा कराए, जिसके बाद ठगों ने उसकी गेमिंग आइडी बनाकर उसे मुनाफा दिखाया और विश्वास में ले लिया।
इसके बाद शिकायतकर्ता लगातार गेमिंग में निवेश करता रहा। ठग कभी-कभी उसकी आइडी से गेम खेलकर मुनाफा दिखाते और थोड़ी राशि वापस भी भेज देते थे, जिससे उसका भरोसा बना रहा। इसी तरह दो महीने के भीतर उसने करोड़ों रुपये अलग-अलग खातों और यूपीआई आईडी में जमा कर दिए।
जब उसे नुकसान होने लगा और उसने गेम खेलना बंद कर दिया तो दूसरे नंबरों से फोन कर ठगों ने उसे फिर से झांसे में लिया और नुकसान की भरपाई कराने का भरोसा दिया। इस दौरान अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई के माध्यम से उससे लगातार पैसे डलवाए गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार ठगों ने उससे कुल मिलाकर करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये ठग लिए। जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उसने साइबर क्राइम पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज करवाईं और पुलिस को लिखित शिकायत दी।