Haryana PoliticsHaryana Politics

नेता प्रतिपक्ष और सांसद राहुल गांधी हरियाणा आए हैं। यहां हरियाणा कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनका स्वागत किया। दोपहर ढ़ाई बजे तक उनके लौट जाने का शेड्यूल निर्धारित है।

इस दौरान वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के नाते हरियाणा के पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे और उन्हें गुटबाजी से बाहर निकालकर एकजुटता का पाठ पढ़ाएंगे। संगठन बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश देंगे। दो चरणों में होने वाली बैठकों के दौरान राहुल गांधी सिर्फ 115 नेताओं से मिलेंगे।

17 नेताओं के साथ होगी मुलाकात

पहले दौर की मीटिंग राज्य के 17 प्रमुख नेताओं के साथ होगी, जबकि दूसरे दौर की मीटिंग में केंद्रीय व राज्य पर्यवेक्षकों के साथ संगठन बनाने के तौर-तरीके पर बातचीत की जाएगी। कांग्रेस ने तय किया है कि हरियाणा में कांग्रेस के अधिकतर जिलाध्यक्ष 50 साल की उम्र के आसपास के होंगे।

इससे अधिक उम्र का कोई नेता यदि जिलाध्यक्ष के लिए दावेदारी करता है तो उसके नाम पर राहुल गांधी के स्तर पर ही विचार किया जाएगा। 

केंद्रीय व राज्य पर्यवेक्षकों के जिलों पर होमवर्क पूरा

राहुल गांधी बुधवार को 21 केंद्रीय पर्यवेक्षकों व 77 राज्य स्तरीय पर्यवेक्षकों के साथ संगठन के प्रारूप पर वार्ता करेंगे। राज्यस्तरीय पर्यवेक्षकों में आठ सह पर्यवेक्षक शामिल हैं। इनमें सबसे अधिक हुड्डा गुट के पर्यवेक्षक हैं। एक केंद्रीय पर्यवेक्षक के साथ तीन-तीन राज्यस्तरीय पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे।

किस केंद्रीय पर्यवेक्षक व राज्य पर्यवेक्षक को कौन सा जिला दिया जाएगा, इस पर मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी के बीच चर्चा हुई। राहुल गांधी की बैठक में चर्चा के इस प्रारूप को रखा जाएगा, जिसके बाद तय होगा कि कौन केंद्रीय पर्यवेक्षक किस जिले में संगठन तैयार करने जाएगा।