HARYANA VRITANT

Haryana Election 2024 हरियाणा लोकहित पार्टी के प्रमुख गोपाल कांडा ने एक सियासी बयान देकर अपने विरोधी दलों को परेशानी में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इनेलो-बसपा और हलोपा का गठबंधन चुनाव जीतने के बाद भाजपा के साथ सरकार बनाएंगे। गोपाल कांडा के इस बयान पर पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने सोशल मीडिया पर शायराना अंदाज में तंज कसा।

हरियाणा लोकहित पार्टी के प्रमुख गोपाल कांडा

हरियाणा में इनेलो और बसपा के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ रहे हरियाणा लोकहित पार्टी (हलोपा) प्रमुख गोपाल कांडा ने अपने सहयोगी दलों को मुश्किल में डाल दिया है। गोपाल कांडा ने कहा कि हलोपा-इनेलो-बसपा गठबंधन के चुनाव जीतने के बाद भाजपा के साथ मिलकर राज्य में तीसरी बार सरकार बनाएंगे। हलोपा राष्ट्रीय स्तर पर अभी एनडीए का ही हिस्सा है।

दुष्यंत ने शायराना अंदाज में कसा तंज

गोपाल कांडा के इस बयान पर हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम और जननायक जनता पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दुष्यंत चौटाला ने निशाना साधा है। दुष्यंत ने इंटरनेट मीडिया पर लिखा है, ऊपर से समझौते, ऊपर से ही पैसे, सब कर दिये इकट्ठे ये एक जैसे, इनको दे रखा है आका ने एक हुक्म, सरकार बनवाओ भाजपा की जैसे-तैसे।