HARYANA VRITANT

कैथल। बारिश के समय करंट लगने से गांव पाडला में एक 28 वर्षीय विवाहिता शीतल रानी की मौत हो गई। हादसा वीरवार सुबह के समय हुआ, जब बारिश हो रही थी। उधर, कलायत के वार्ड-13 मकान की छत गिर गई। गनीमत रही कोई जनहानि नहीं हुई।

सांकेतिक तस्वीर

मृतक शीतल रानी के पति अमन ने बताया कि उसकी पत्नी शीतल घर में बने चौबारे पर बिजली का तार लगा रही थी, लेकिन करंट ने चपेट में ले लिया। इस कारण मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में एक बच्चा भी बाल-बाल बच गया। महिला की मौत से परिवार में मातम का माहौल है।

मृतका अपने पीछे तीन व डेढ़ साल के दो बच्चों को छोड़ गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। उधर, कलायत के वार्ड-13 में बारिश के दौरान अचानक मकान की छत गिर गई। प्रभावित हुई अंगूरी देवी ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

उन्होंने बताया कि रात में बारिश के दौरान हादसा हुआ। गनीमत रही कि घर का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ। हालांकि छत गिरने से घर का सामान दबने से उन्हें नुकसान हो गया है। उधर, बारिश के बाद शहर और ग्रामीण इलाकों की सड़कों पर जलभराव हो गया है। कई स्थानों पर जलभराव से राहगीरों को दिक्कतें भी हुईं।