HARYANA VRITANT

करनाल। विदेश भेजने के नाम पर दो युवकों से 50.58 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी संजीव, रोमी बलविंदर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

सांकेतिक तस्वीर

शिकायत में धोलगढ़ गांव निवासी राजबीर ने बताया कि उसकी पशुओं की डेयरी है। 25 जून 2021 में उसके बेटे राजिंद्र व रिश्तेदार रजत कुमार निवासी चांद समंद को विदेश भेजने के लिए बलविंद्र से बातचीत हुई थी। आरोपी ने दोनों लड़कों के 26-26 लाख रुपये मांगे। कहा कि कनाडा का वर्क परमिट दिला दूंगा। वह उनकी बातों में आ गए। आरोपी ने दोनों लड़कों के दस्तावेज ले लिए। कुछ महीने बाद कहा कि कनाडा का वीजा नहीं लग रहा है, इन्हें अमेरिका भेज देता हूं।

इसके बाद आरोपी ने 10 जुलाई 2022 को दोनों लड़कों को कुवैत भेजा फिर अजरबैजान के बाकू शहर का एक महीने का वीजा दिलवाया। फिर दुबई, श्रीलंका, इंडोनेशिया के बाद थाईलैंड भेज दिया। दोनों लड़के एक महीने रुके। 30 अक्टूबर 2022 को दोनों को वापस बुला लिया। इस दौरान आरोपियों ने 50 लाख 58 हजार रुपये ले लिए। अब आरोपी रुपये वापस देने से मना कर रहे हैं।