कुरुक्षेत्र। रास्ता रोककर महिला के साथ मारपीट और छेड़खानी करने के आरोप में एक व्यक्ति को नामजद किया है। आरोपी ने महिला को जबरदस्ती गाड़ी में डालने का प्रयास भी किया। थाना केयूके में दर्ज शिकायत में महिला ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे वह अपने घर से दूसरे गांव जा रही थी।

उसके जेठ का नाबालिग बेटा भी उसके साथ ही था। इसी दौरान उसका पड़ोसी जितेंद्र अपनी कार में आया और उसकी बाजू पकड़कर जबरदस्ती कार में डालने का प्रयास करने लगा। किसी तरह उसने आरोपी से अपनी बाजू छुड़ा ली, मगर आरोपी ने उनके आगे कार लगाकर रास्ता रोक लिया। नीचे उतरकर आरोपी ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
गाली-गलौज करते हुए आरोपी उसके साथ छेड़खानी करने लगा। उससे छूटने के बाद वह भागने लगी और नीचे गिर गई। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।