HARYANA VRITANT

Panchkula News हरियाणा में कांग्रेस विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई हैं। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन अच्‍छा रहा था। कांग्रेस का वोट प्रतिशत उम्मीद से कहीं अधिक बढ़ा है। लोगों ने भाजपा के विरुद्ध वोट दिया है। हरियाणा को तीन जोन में बांटकर अलग-अलग ई-मेल जारी किए गए हैं। वहीं विधानसभा चुनाव में भी यही स्थिति रहने वाली है।

हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी रणनीति को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। पूरे प्रदेश को तीन जोन में बांटा गया है।

कांग्रेस पार्टी ने जहां न्याय पत्र बनाने के लिए प्रदेशवासियों से सुझाव मांगे हैं, वहीं विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से टिकट के लिए आवेदन करने को कहा है। कांग्रेस ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव की तरह विधानसभा चुनाव में भी जिताऊ चेहरों को ही टिकट दिए जाएंगे।

पांच लोकसभा सीटों पर जीत के बाद कांग्रेस उत्‍साहित

हरियाणा की पांच लोकसभा सीटों पर जीत के बाद कांग्रेस नेता काफी उत्साहित है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे तथा सांसद राहुल गांधी द्वारा हरियाणा कांग्रेस के नेताओं की बैठक लेने के बाद पार्टी प्रभारी दीपक बाबरिया ने प्रदेश के कांग्रेसियों को एक पत्र जारी किया है।

राहुल गांधी हरियाणा के कांग्रेस नेताओं में एकजुटता नहीं होने से नाराज हैं। प्रदेश में 10 साल से कांग्रेस का संगठन नहीं बन पाया है। राहुल गांधी ने कांग्रेस का संगठन तैयार करने तथा उसमें सभी गुटों को समान प्रतिनिधित्व देने के निर्देश दीपक बाबरिया को दिए हैं।

कांग्रेस का वोट प्रतिशत उम्मीद से कहीं अधिक बढ़ा: दीपक बाबरिया

कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया ने लोकसभा चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए कांग्रेस नेताओं से कहा कि इस बार के नतीजे काफी उत्साह बढ़ाने वाले रहे हैं। कांग्रेस का वोट प्रतिशत उम्मीद से कहीं अधिक बढ़ा है। लोगों ने भाजपा के विरुद्ध वोट दिया है।

विधानसभा चुनाव में भी यही स्थिति रहने वाली है। हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस 46 विधानसभा क्षेत्रों में आगे रही है। बाबरिया ने कहा है कि अगले दो माह के भीतर हरियाणा में जहां रैलियों का आयोजन किया जाएगा, वहीं घर-घर कांग्रेस अभियान समेत कई अभियान चलाकर लोगों को भाजपा की जनविरोधी नीतियों से अवगत करवाते हुए न्याय युद्ध में अपने साथ जोड़ा जाएगा।

तीन जोन में बांटकर अलग-अलग ई-मेल जारी

दीपक बाबरिया के अनुसार प्रदेश के 90 विधानसभा क्षेत्रों में टिकटार्थियों तथा हाईकमान से अपनी बात कहने वालों की संख्या बहुत अधिक है। दो माह में सभी से मिल पाना मुश्किल है। इसलिए हरियाणा को तीन जोन में बांटकर अलग-अलग ई-मेल जारी किए गए हैं। पहले जोन में विधानसभा हलका नंबर एक से 38 तक हलके रहेंगे। दूसरे जोन में 39 से 67 तथा तीसरे जोन में 68 से 90 हलके रहेंगे।

अब टिकटार्थियों द्वारा जोन के हिसाब से टिकट के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया में अपना बायोडाटा मेल किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेशवासी तथा पार्टी के कार्यकर्ता कांग्रेस द्वारा विधानसभा चुनाव के दौरान बनाए जाने वाले न्याय पत्र के लिए इन्हीं ई-मेल पर अपने सुझाव भेज सकते हैं, जिन्हें पार्टी की घोषणा पत्र समिति द्वारा संकलित किया जाएगा।

प्रत्याशियों के लिए तय किया क्राइटेरिया

कांग्रेस प्रभारी ने विधानसभा में चुनाव लड़ने के चाहवानों के लिए भी क्राइटेरिया तय कर दिया है। इसके चलते सबसे पहले प्रत्याशी में जीत की संभावना को देखा जाएगा। उसके बाद दावेदार की इलाके में मेरिट, कार्यकर्ताओं का फीडबैक, जनता में उसकी उपस्थिति व उपलब्धता को ही टिकट का आधार बनाया जाएगा।

बाबरिया ने कहा है कि लोकसभा चुनाव की तरह सिर्फ उसी दावेदार को टिकट मिलेगा, जो विधानसभा चुनाव जीत सकने की स्थिति में होगा। इसके लिए पार्टी अपने स्तर पर सर्वे भी कराएगी।