Haryana Vritant

जिला पुलिस के कुछ अधिकारियों द्वारा अपनी ताकत का गलत इस्तेमाल करते हुए अवैध वसूली करने के आरोप लगाने वाले कांस्टेबल आशीष कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बीती दो फरवरी को सिंघम पुलिसकर्मी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। इसकी जानकारी खुद कांस्टेबल ने एक वीडियो जारी कर दी है।

आशीष कुमार ने कहा था कि एक एएसआई के कहने पर उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं हो सकता था। इसके पीछे जरूर कुछ बड़े अधिकारियों का हाथ है। इसके बावजूद उन्हें ही सजा दी जा रही है। सिंघम ने बताया था कि वह 9 फरवरी आज एसपी ऑफिस में जाकर अपनी गिरफ्तारी देंगे। गिरफ्तारी देने से पहले ही सिंघम के पुलिस लाइन में क्वार्टर पर दो थानों की पुलिस पहुंची। गाली गलौज करते हुए अर्ध नग्न अवस्था में आशीष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के पहुंचते ही सिंघम ने फेसबुक पर लाइव हो कर जानकारी दी है। सेक्टर 13-17 थाना पुलिस गिरफ्तार कर थाने में ले गई।

2 फरवरी को घटना के बाद सिंघम पुलिसकर्मी गृह मंत्री अनिल विज के दरबार में भी पहुंचे थे, जहां विज ने उन्हें मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया था। एएसआई के साथ हुई बहस की घटना के बाद आज उन्होंने अपने ऊपर एफआईआर होने की बात कही है। वैसे तो यह एफआईआर बीती 2 फरवरी को ही दर्ज की गई थी, लेकिन इसकी जानकारी आज खुद सिंघम ने ही वीडियो जारी कर दी है। आशीष कुमार ने बताया कि उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 186,323,332,353,506 व 120-बी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

सिंघम ने कहा कि उन्होंने उसी दिन सबूतों के साथ एएसआई मुकेश त्यागी के खिलाफ शिकायत दी थी। इसके बावजूद उसके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आशीष कुमार ने कहा कि इस मामले में जरुर बड़े अधिकारियों का हाथ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी ईमानदारी किसी को रास नहीं आ रही है। दरअसल वे अपना काम करते हुए पुलिस के कई अधिकारियों के काले कारनामे उजागर कर रहे हैं। इसलिए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। वहीं उन्होंने कहा कि वे गुरुवार को पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में जाकर अपनी गिरफ्तारी देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *