रोहतक में होमगार्ड भर्ती के नाम पर 9.35 लाख की ठगी, चार युवक ठगे

हरियाणा के रोहतक में होमगार्ड भर्ती के नाम पर एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें चार युवकों से कुल 9 लाख 35 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। आरोपियों ने सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर युवकों को अपने जाल में फंसाया और विभिन्न किश्तों में मोटी रकम वसूल की।

सेक्टर-26 स्थित ओमेक्स सिटी निवासी विनोद कुमार द्वारा दर्ज शिकायत के अनुसार, मार्च 2025 में उनकी मौसी के बेटे राहुल एक व्यक्ति को घर लेकर आया, जिसे मोहम्मद साहिद नामक आरोपी ने भेजा था। साहिद ने दावा किया कि उसकी दिल्ली और केंद्र सरकार में अच्छी पहुंच है और वह होमगार्ड में नौकरी लगवा सकता है। आरोपियों ने प्रत्येक उम्मीदवार से तीन लाख रुपये नौकरी के लिए और 20 से 30 हजार रुपये औपचारिकताओं के नाम पर मांगे।

इस भरोसे में आकर विनोद कुमार ने अपनी और अपने दो दोस्तों की नौकरी लगवाने की बात कर ली। आरोपियों ने पीड़ितों का भरोसा बनाए रखने के लिए कथित तौर पर फर्जी होमगार्ड पहचान पत्र भी उपलब्ध कराए और उन्हें बार-बार दिल्ली बुलाते रहे। हालांकि, लंबे इंतजार के बाद भी जब किसी की ज्वाइनिंग नहीं हुई और भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी, तो पीड़ितों को धोखाधड़ी का संदेह हुआ।

पीड़ितों द्वारा शिकायत मिलने के बाद रोहतक पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।