
केंद्रीय आयुष एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने गुरुवार को चंडीगढ़ में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात की। इस बैठक में राज्य में चल रही प्रमुख स्वास्थ्य परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा हुई, जिसमें रेवाड़ी एम्स और पंचकूला राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान मुख्य रूप से शामिल रहे।
राज्यपाल ने रेवाड़ी में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक चिकित्सा केंद्र से दक्षिण हरियाणा और आसपास के इलाकों में उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी।
पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान को लेकर केंद्रीय मंत्री जाधव ने बताया कि संस्थान में वर्तमान में ओपीडी सेवाएं संचालित हैं और मरीजों को परामर्श एवं उपचार मिल रहा है। उन्होंने घोषणा की कि शीघ्र ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संस्थान का औपचारिक उद्घाटन कर इसे देश को समर्पित करेंगे।
बैठक में राज्यपाल ने स्वास्थ्य अवसंरचना के सतत विकास पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक तक किफायती और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में स्वास्थ्य क्षेत्र के आधुनिकीकरण की गति की सराहना की।